02:02 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS Live: वॉर्नर-स्मिथ ने संभाली पारी

डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ ने मिलकर ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाला है। भारतीय तेज गेंदबाज शानदार लय में हैं और लगातार दोनों को परेशान कर रहे हैं, लेकिन दोनों अनुभवी बल्लेबाज क्रीज पर जमे हुए हैं। आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 31/1 है।

01:33 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS Live: ऑस्ट्रेलिया का पहला विकेट गिरा

चार रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का पहला विकेट गिरा है। मिचेल मार्श चार गेंद में चार रन बनाकर आउट हो चुके हैं। मोहम्मद शमी ने उन्हें स्लिप में शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। तीन ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक विकेट पर नौ रन है।

01:14 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा नहीं है भारत का रिकॉर्ड

वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। दोनों टीमों के बीच कुल 146 मैच हुए हैं, भारत इनमें से 54 और ऑस्ट्रेलिया 82 मैच जीता है। वहीं, 10 मैच बेनतीजा रहे हैं। भारतीय जमीन पर दोनों टीमों के बीच 67 वनडे हुए हैं। भारत ने 30 और ऑस्ट्रेलिया ने 32 मैच जीते हैं। वहीं, पांच मैच बेनतीजा रहे हैं। मोहाली के मैदान पर दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने हुई हैं और चार बार ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है, जबकि भारत सिर्फ एक मैच जीता है। इस मुकाबले में टीम इंडिया अपने आंकड़े बेहतर करना चाहेगी।

01:07 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: दोनों टीमों की प्लेइंग 11

ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, मैथ्यू शॉर्ट, पैट कमिंस (कप्तान), शॉन एबॉट, एडम जैम्पा।

भारत: शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।

01:03 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: भारत ने टॉस जीता

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में लोकेश राहुल भारत की कप्तानी कर रहे हैं। विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को इस मैच में आराम दिया गया है। राहुल ने कहा कि इस मैदान में लक्ष्य का पीछा करना आसान रहता है। इसी वजह से उन्होंने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
 

01:00 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: दोनों टीमें स्टेडियम पहुंचीं

मैच के लिए दोनों टीमें स्टेडियम पहुंच चुकी हैं। बीसीसीआई ने इसका वीडियो भी जारी किया।
 

12:23 PM, 22-Sep-2023

IND vs AUS 1st ODI Live: तीनों फॉर्मेट में नंबर 1 बन सकता है भारत

भारतीय टीम यह मैच जीतकर आईसीसी वनडे रैंकिंग में भी शीर्ष पर पहुंच सकती है। टेस्ट और टी20 में पहले से ही टीम इंडिया शीर्ष पर है। ऐसे में भारत के पास आज तीनों फॉर्मेट में नंबर 1 टीम बनने का मौका है। वनडे रैंकिंग में भारत फिलहाल दूसरे नंबर पर हैं। पाकिस्तान पहले और ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। हालांकि, शुरुआती तीन टीमों के बीच अंकों का अंतर बेहद कम है।

11:15 AM, 22-Sep-2023

IND vs AUS Live: आठ ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 31/1, डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ क्रीज पर

Live Cricket Score, India vs Australia (IND vs AUS) 1st ODI : नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मोहाली में है। विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम है। स्टार खिलाड़ियों के अनुपस्थिति में भारत अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आजमाना चाहेगा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की कोशिश हालातों के साथ सामंजस्य बैठाने की होगी। भारत यह मैच जीतने पर वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच जाएगा।

#General