ऐप पर पढ़ें
भारत के धाकड़ बल्लेबाज केएल राहुल चोट से उबरने के बाद वापसी कर चुके हैं। वह रविवार को एशिया कप 2023 के सुपर-4 राउंड में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बैटिंग के लिए उतरे और एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। राहुल फिलहाल 28 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 17 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने इस दौरान वनडे क्रिकेट में 2 हजार रन कंप्लीट कर लिए। राहुल ने जैसे ही यह आंकड़ा छुआ तो उनकी विराट कोहली और शिखर धवन के एक खास क्लब में एंट्री हो गई।
दरअसल, राहुल भारत के लिए सबसे तेज दो हजार वनडे रन बनाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने 53 पारियों में यह कारनामा किया। कोहली ने भी इतने ही पारियों में दो हजार वनडे रन पूरे किए थे। इस लिस्ट में टॉप पर शिखर हैं, जो 48 वनडे पारियों में दो हजारी बने। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू और सौरव गांगुली संयुक्त रूप से दूसरे पायदन पर हैं। सिद्धू और गांगुली ने 52 पारियों में इस आंकड़े को छुआ था।
बता दें कि भारत और पाकिस्तान का मैच बारिश के कारण आज पूरा नहीं हो सका। यह मुकाबला अब रिजर्व डे पर यानी सोमवार को पूरा किया जाएगा। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में बारिश की वजह से जब मैच रुका तो भारत ने 24.1 ओवर में 147 रन बनाए थे। राहुल के अलावा कोहली नाबाद हैं। कोहली 16 गेंदों में 8 रन बना चुके हैं। रिजर्व डे पर वहीं से मैच शुरू होगा, जहां रुका था।
पाकिस्तान ने हाई-वोल्टेज मैच में टॉस जीतकर बॉलिंग चुनी। भारत ने दमदार आगाज किया। कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की। रोहित ने 49 गेंदों में 6 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 56 रन बनाए। गिल ने 52 गेंदों में 58 रन की पारी खेली। उन्होंने 10 चौके मारे। रोहित को शादाब खान ने और गिल को शाहीन अफरीदी ने पवेलियन भेजा।
#General
0 Comments